चीन और यूके के बाद अब साउथ अफ्रीका और ब्राजील वाला कोरोना भी आया भारत, इनके खिलाफ कारगर हैं टीके?


चीन और ब्रिटेन के बाद अब साउथ अफ्रीका और ब्राजील वाले कोरोना की भी भारत में एंट्री हो गई है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के डॉ. बलराम भार्गव ने कहा है कि साउथ अफ्रीका से लौटे 4 लोगों में कोरोना वायरस का साउथ अफ्रीकी स्ट्रेन पाया गया है, जबकि ब्राजील वेरिएंट की भी एंट्री फरवरी के पहले सप्ताह में हो चुकी है। भार्गव ने मंगलवार को बताया कि सभी यात्रियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।  


बलराम भार्गव ने बताया कि कोरोना वायरस का ब्राजील वेरिएंट फरवरी के पहले सप्ताह में पकड़ में आया था। पुणे में आईसीएमआर के लैब में वायरस के स्ट्रेन को सफलतापूर्वक अलग किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि साउथ अफ्रीकी और ब्राजील वाले स्ट्रेन यूके में मिले स्ट्रेन से अलग हैं और इनके खिलाफ टीके कितने कारगर हैं, इसकी जांच की जा रही है।  


भार्गव ने यह भी बताया कि यूके वाला स्ट्रेन अभी तक भारत में 187 मरीजों में पाया गया है। सभी कंर्फम केसों में संक्रमितों को क्वारंटाइन किया गया और इलाज किया गया है। उनके कॉन्टैक्ट्स को आइसोलेट किया जा चुका है। हालांकि, पहले से मौजूद वैक्सीन में इनसे बचाव की क्षमता है। 


स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 17 राज्यों में कोरोना की वजह से किसी की जान नहीं गई है, जबकि छह राज्यों में एक भी केस नहीं मिला है। पिछले सात दिनों में देश में प्रति 10 लाख आबादी पर 56 केस मिले हैं। केरल और महाराष्ट्र अभी सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।  केरल में 61,550 और महाराष्ट्र में 37,383 एक्टिव केस हैं, जोकि देश कुल एक्टिव मामलों में 72 फीसदी हैं। 



Popular posts